City

एमआरवीसी का 27वां स्थापना दिवस: 37 कर्मचारियों को सम्मान, 238 एसी लोकल ट्रेनों की खरीद प्रक्रिया शुरू

Image default
Spread the love

एमआरवीसी का 27वां स्थापना दिवस: 37 कर्मचारियों को सम्मान, 238 एसी लोकल ट्रेनों की खरीद प्रक्रिया शुरू

मुंबई: मुंबई रेलवे विकास निगम लिमिटेड (एमआरवीसी) ने रविवार को अपना 27वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 37 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जबकि दो परियोजना इकाइयों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए संयुक्त रूप से रोलिंग शील्ड प्रदान की गई। समारोह में पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी), पूर्व निदेशक, वर्तमान अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ एमआरवीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विलास वाडेकर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पूर्व सीएमडी और निदेशकों को निगम के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में विलास वाडेकर ने कहा कि रेल मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से एमआरवीसी पिछले 27 वर्षों से मुंबई की उपनगरीय रेल व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान एमयूटीपी-3ए के तहत खार रोड स्टेशन का पूर्ण आधुनिकीकरण किया गया, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और अधिक सुगम यात्रा अनुभव मिला। इसके अलावा मीरा रोड, कांदिवली, नेरल और कसारा स्टेशनों का भी उन्नयन पूरा किया गया।

उन्होंने बताया कि पनवेल-करजात नई उपनगरीय रेल कॉरिडोर परियोजना का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, विरार स्टेशन पर केवल तीन महीनों में आवश्यक आधारभूत ढांचे का विकास कर विरार-दहानू रोड खंड पर 15 डिब्बों वाली ईएमयू लोकल सेवाएं शुरू करने का मार्ग प्रशस्त किया गया।

वाडेकर ने भिवंडी में सात चालू रेलवे लाइनों के नीचे देश के पहले वॉटरप्रूफ पैदल सबवे के निर्माण को एमआरवीसी की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान भी इस सबवे में जलभराव या रिसाव नहीं हुआ, जिससे इसकी गुणवत्ता और आधुनिक इंजीनियरिंग का प्रमाण मिला।

भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि एमयूटीपी-3बी के तहत बदलापुर-करजात तीसरी और चौथी रेल लाइन तथा आसनगांव-कसारा चौथी रेल लाइन परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 238 वातानुकूलित ईएमयू (लोकल ट्रेन) रेक की खरीद के लिए निविदा जारी कर दी गई है, जिसकी बोलियां अगस्त 2026 में खोली जाएंगी।

समारोह के अंत में उत्कृष्ट सेवा देने वाले 37 कर्मचारियों को प्रमाणपत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Related posts

सांसद राजन नाइक के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर को सहज प्रतिक्रिया!

hindustanprahari

नेशनल रेलवे मज़दूर यूनियन (एनआरएमयू) ने “जागृत मुंबईकर” कार्यक्रम के साथ मुंबई पुलिस की पहल का समर्थन किया

hindustanprahari

मलाड मस्ती के लिए सोनू सूद, जैकलीन फर्नांडिस, राशा थडानी और अमन देवगन को एमएलए असलम शेख ने किया आमंत्रित

hindustanprahari

Leave a Comment