मुंबई–सावंतवाड़ी रोड दैनिक एक्सप्रेस का शुभारंभ

मुंबई, 4 सितंबर 2026। मुंबई और कोकण क्षेत्र के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), मुंबई–सावंतवाड़ी रोड दैनिक एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं मुंबई तथा ठाणे जिले के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे ने विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में 3 सितंबर 2026 को CSMT से इस दैनिक एक्सप्रेस सेवा का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, मत्स्यव्यवसाय एवं बंदर विकास मंत्री तथा सिंधुदुर्ग के पालकमंत्री नितेश राणे और मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव, अपर महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी, मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक हिरेश मीना सहित मध्य रेल मुख्यालय और मुंबई मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
कोकण महाराष्ट्र की आत्मा : पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ हापूस आम और काजू के लिए प्रसिद्ध कोकण क्षेत्र महाराष्ट्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन केवल शहरों और स्थानों को ही नहीं, बल्कि वहां रहने वाले परिवारों को भी आपस में जोड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह दैनिक रेल सेवा कोकण क्षेत्र के आर्थिक विकास की नई शुरुआत साबित होगी।
यात्रियों की मांग पर शुरू हुई सेवा : अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए इस दैनिक ट्रेन सेवा की शुरुआत की गई है।
उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे इस समय 350 गणपति विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त 20 ट्रेनों की व्यवस्था करने का प्रावधान भी रखा गया है।
मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क के बारे में उन्होंने कहा कि मुंबई और उपनगरों में रेल यात्रा को और सुगम बनाने के लिए करीब 18,000 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसके तहत पनवेल, कल्याण, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, परेल सहित अन्य स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, पिट लाइन और स्टेबलिंग लाइन का निर्माण तथा 15 कोच वाली लोकल ट्रेनों के संचालन के लिए विभिन्न स्टेशनों के प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जा रहा है।
रेल मंत्री ने कहा कि क्षमता विस्तार, बेहतर सिग्नलिंग व्यवस्था और मेट्रो सेवाओं के विस्तार से मुंबई में यातायात और उपनगरीय रेल यात्रा में बड़ा बदलाव आएगा।
उन्होंने बताया कि इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF), रेल कोच फैक्ट्री (RCF) और मॉडर्न कोच फैक्ट्री (MCF) वर्ष 2030 तक कुल 238 नई वातानुकूलित लोकल ट्रेनों को उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही हैं। इनमें से पहली वातानुकूलित लोकल वर्ष 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है। वर्ष 2030 तक मुंबई में प्रतिदिन 3,500 लोकल ट्रेनों के संचालन का लक्ष्य रखा गया है।
रेल मंत्री ने महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों के लिए माल एवं यात्री कनेक्टिविटी, नाशिक–वधावन बंदरगाह कनेक्टिविटी, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के कार्य को पूरा करने तथा वर्ष 2027 तक बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला चरण शुरू करने के उद्देश्य से तेजी से चल रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
व्यापार, उद्योग और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई–सावंतवाड़ी दैनिक ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सेवा से केवल स्थानीय नागरिकों को ही लाभ नहीं मिलेगा, बल्कि कोकण क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बड़ी गति मिलेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
मुंबई–सावंतवाड़ी दैनिक एक्सप्रेस के प्रमुख फायदे
- मुंबई से कोकण जाने वाले यात्रियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण और आवश्यक दैनिक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।
- कणकवली, कुडाळ, सावंतवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।
- मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कोकण के लिए एक समर्पित दैनिक ट्रेन उपलब्ध होगी।
- नियमित दैनिक सेवा से व्यापारियों और पर्यटकों को विशेष लाभ मिलेगा।
- सावंतवाड़ी, आंबोली, तारकर्ली तथा गोवा सीमा से जुड़े पर्यटन क्षेत्रों सहित दक्षिण कोकण के पर्यटन को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
- लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दादर से कोकण जाने वाली अन्य ट्रेनों पर यात्रियों की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।
नियमित सेवा का समय जल्द होगा घोषित
मध्य रेल के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–सावंतवाड़ी रोड दैनिक एक्सप्रेस की नियमित सेवा से संबंधित समय-सारणी और अन्य विवरण जल्द ही घोषित किए जाएंगे।
मध्य रेल ने कहा कि वह कोकण क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने तथा यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

