State

सांसद डॉ. हेमंत सवरा के प्रयास सफल; वेलंकन्नी यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन की घोषणा

Image default
Spread the love

सांसद डॉ. हेमंत सवरा के प्रयास सफल; वेलंकन्नी यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन की घोषणा

पालघर, 9 जुलाई 2026:
हर वर्ष 1 जून से 31 जुलाई तक समुद्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध के दौरान पालघर, ठाणे, मुंबई और मुंबई उपनगर के बड़ी संख्या में ईसाई कोली समुदाय के श्रद्धालु तमिलनाडु स्थित वेलंकन्नी तीर्थस्थल की यात्रा पर जाते हैं।

6 जुलाई से 16 जुलाई के बीच लगभग 20,000 ईसाई कोली श्रद्धालु एवं उनके परिवार वेलंकन्नी पहुंचते हैं। यात्रियों को होने वाली असुविधा दूर करने तथा उन्हें सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पालघर के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा ने 1 जुलाई 2026 को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं दक्षिण रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर विशेष ट्रेन चलाने की मांग की थी। उनके इस प्रयास को सफलता मिली है और पश्चिम रेलवे ने वलसाड–वेलंकन्नी–डहाणू रोड विशेष ट्रेन (ट्रेन संख्या 09030/09029) चलाने की घोषणा की है।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ (TOD) योजना के तहत विशेष किराये पर इस ट्रेन के संचालन को मंजूरी दी है।

विशेष ट्रेन का समय-निर्धारण इस प्रकार है:

ट्रेन संख्या 09030 (वलसाड–वेलंकन्नी): यह ट्रेन मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को शाम 6:25 बजे वलसाड से रवाना होगी और गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 बजे वेलंकन्नी पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 09029 (वेलंकन्नी–डहाणू रोड): वापसी की ट्रेन शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को रात 12:30 बजे वेलंकन्नी से प्रस्थान करेगी और शनिवार, 18 जुलाई 2026 को दोपहर 2:50 बजे डहाणू रोड पहुंचेगी।

प्रमुख ठहराव: डहाणू रोड, पालघर, वसई रोड, पनवेल, लोणावला, पुणे, दौंड, सोलापुर, कलबुर्गी, वाडी, रेणिगुंटा, काटपाडी, विल्लुपुरम और मयिलादुथुराई सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यह ट्रेन रुकेगी।

यात्रियों को बड़ी राहत:
मुंबई से वेलंकन्नी तक की यात्रा लंबी और खर्चीली होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस विशेष ट्रेन की मंजूरी से हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी तथा उनका सफर अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती होगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन की जानकारी ICMS एवं NTES प्रणाली पर उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही सभी संबंधित रेलवे स्टेशनों पर इस ट्रेन के समय-निर्धारण की सार्वजनिक उद्घोषणा भी की जाएगी।

Related posts

डोंबिवली की केमिकल कंपनी में जोरदार धमाका, 4 लोगों की मौत 30 घायल, 8 लोगों को किया गया सस्पेंड

hindustanprahari

यूपी के अयोध्या पहुंचा आईएचसीएल

hindustanprahari

Staples Has Discounted The iPad Mini 4 By $100

hindustanprahari

Leave a Comment