
वसई-विरार: वसई विरार शहर महानगरपालिका द्वारा आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए शहर में जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति एवं गंदगी की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में नाले सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। इन कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण महापौर श्री अजीव पाटील एवं उपमहापौर श्री मार्शल लोपीस ने 21 मई 2026 को संबंधित नगरसेवकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ किया।
इस दौरान सनसिटी वसई (पश्चिम), गास, निर्मल परिसर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे नाले सफाई कार्यों तथा जल निकासी स्थलों का निरीक्षण किया गया। नालों में जमा गाद, प्लास्टिक कचरा एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए। साथ ही मानसून से पहले सभी नालों की पूर्ण सफाई सुनिश्चित कर जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों के तालाबों का भी जायजा लिया गया तथा उन्हें स्वच्छ करने के निर्देश दिए गए।
महापौर श्री अजीव पाटील ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए महानगरपालिका प्रशासन सभी आवश्यक उपाययोजनाएं कर रहा है। नाले सफाई के कार्य समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों, इसके लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी।

उपमहापौर श्री मार्शल लोपीस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे नालों में कचरा न फेंकें तथा शहर को स्वच्छ रखने में महानगरपालिका का सहयोग करें। नागरिकों की सहभागिता से शहर को अधिक स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण दौरे के दौरान नगरसेवक श्री परेश किणी, नगरसेविका श्रीमती दीप्ती भोईर, नगरसेविका श्रीमती सॅरल डाबरे, पूर्व सरपंच श्री सायमन अल्मेडा एवं श्री सालू अल्मेडा सहित अन्य पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक, संबंधित विभाग के अधिकारी, अभियंता तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
महानगरपालिका प्रशासन द्वारा मानसून पूर्व सभी आवश्यक प्रतिबंधात्मक उपाययोजनाएं लागू की जा रही हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

