मुंबई। स्नाइपर बॉक्सिंग प्रमोशन (एसबीपी) के तीसरे संस्करण एसबीपी 3 के आयोजन को लेकर अंधेरी में ‘द क्लब’ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें बॉक्सिंग जगत से जुड़े कई खिलाड़ी और आयोजक उपस्थित रहे। उसी अवसर पर शानदार पोस्टर का भी अनावरण किया गया। यह भव्य मुकाबला 28 मार्च को आयोजित किया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर स्नाइपर बॉक्सिंग प्रमोशन की फाउंडर और सीईओ सना सूरी, को – फाउंडर सोहम पाटिल और पीयूष पाटिल, स्पॉन्सर अमित पाटिल, 13 बार बॉक्सिंग चैंपियनशिप जीत चुके खिलाड़ी जसकरण सिंह, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर ताहिर खुरम और मंजोत रट्टू समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। जिसमें जसकरण सिंह इससे पहले एसबीपी के पहले और दूसरे संस्करण में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर ताहिर खुरम ने बताया कि वह बॉक्सिंग में अफगानिस्तान और भारत दोनों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश उनके दिल के बेहद करीब हैं। “एक मेरी जन्मभूमि है और दूसरे देश से मेरा परिवार जुड़ा हुआ है।”
उन्होंने आगे बताया कि अफगानिस्तान और भारत में बॉक्सिंग की ट्रेनिंग और सुविधाओं में काफी अंतर है। भारत में खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के ज्यादा अवसर मिलते हैं और स्नाइपर बॉक्सिंग प्रमोशन (एसबीपी) जैसे मंच खिलाड़ियों को आगे आने में मदद करते हैं।
ताहिर खुरम ने बताया कि इस इवेंट के लिए दुनिया भर से बेहतरीन बॉक्सरों को चुना गया था। इसमें ईरान के चार खिलाड़ी भी हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन वर्तमान समय में चल रहे युद्ध की स्थिति के कारण वे इस प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो पाए। उनकी अनुपस्थिति में अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जो अपनी क्षमता के दम पर इस मंच पर उतरेंगे।
वहीं मंजोत रट्टू भारत की पहली महिला हैं जिन्होंने पावर स्लैप जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में कदम रखा है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें इस खेल का अनुभव नहीं था, लेकिन बाद में उन्होंने इसकी बारीकियों को समझकर कड़ी ट्रेनिंग ली। मंजोत का कहना है कि जीत या हार से ज्यादा उन्हें इस बात का गर्व है कि वह पावर स्लैप में उतरने वाली भारत की पहली भारतीय महिला बनी हैं।
स्नाइपर बॉक्सिंग प्रमोशन (एसबीपी) की फाउंडर और सीईओ सना सूरी, जो प्रोफेशनल बॉक्सिंग की दुनिया की एक प्रमुख महिला प्रमोटर हैं, ने बताया कि एसबीपी के पहले और दूसरे संस्करण को लोगों ने काफी सराहा था। तीसरा संस्करण उससे भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह भारत ही नहीं बल्कि दुनिया का ऐसा अनोखा बॉक्सिंग इवेंट है, जिसमें इंटरटेनमेंट, संगीत, डांस, पैशन और खेल का नया और रोमांचक अंदाज देखने को मिलेगा। खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर छह एम्बुलेंस, डॉक्टरों और केयरटेकर की विशेष टीम भी उपस्थित रहेगी।
सना सूरी ने बताया कि उनके पति ताहिर खुरम स्वयं एक बॉक्सर हैं और उनसे ही इस खेल को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली। उनका उद्देश्य बॉक्सिंग को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच देना है।
इस बॉक्सिंग इवेंट के को-फाउंडर सोहम पाटिल और पियूष पाटिल भी इस मौके पर उपस्थित रहे और उन्होंने भरोसा दिलाया कि एसबीपी 3 पहले से कहीं अधिक भव्य, रोमांचक और यादगार होने वाला है।
गायत्री साहू

