City

मुंबई उपनगरीय रेल के कायाकल्प को मिलेगी गति: तीन रेलवे उत्पादन इकाइयों मेंएक साथ होगा 238 एसी रेकों का निर्माण

Spread the love

मुंबई उपनगरीय रेल के कायाकल्प को मिलेगी गति: तीन रेलवे उत्पादन इकाइयों में
एक साथ होगा 238 एसी रेकों का निर्माण

मुंबई, 12 अगस्त 2026
मुंबई उपनगरीय रेल सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सरकार दोहरी रणनीति पर कार्य कर रही है — उपनगरीय रेल नेटवर्क की क्षमता में वृद्धि और एसी लोकल ट्रेनों को तेजी से शामिल करना।
उपनगरीय रेल नेटवर्क को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नए कॉरिडोर, अतिरिक्त रेल लाइनों, 15-कोच ट्रेनों के परिचालन हेतु प्लेटफॉर्मों के विस्तार तथा यार्ड पुनर्संरचना जैसे अन्य क्षमता-वृद्धि कार्यों पर लगभग ₹22,000 करोड़ का निवेश किया जा रहा है।
इस बुनियादी ढांचा विस्तार के साथ ही सरकार ने मुंबई के लिए 238 अतिरिक्त एसी उपनगरीय रेकों को मंजूरी दी है, जिनकी खरीद प्रक्रिया शुरू की गई थी। हालांकि, टेक्नोलॉजी पार्टनर्स के माध्यम से खरीद की समय-सीमा के आकलन से यह सामने आया कि इन रेकों की श्रृंखलाबद्ध आपूर्ति शुरू होने में लगभग तीन वर्ष लगेंगे, जिससे पहला रेक 2030 तक उपलब्ध हो पाता और पूरे बेड़े की आपूर्ति 2034 तक पूरी होती।
मुंबई उपनगरीय रेल के शहर की जीवनरेखा होने तथा मुंबईकरों को एसी ट्रेनों का लाभ यथाशीघ्र उपलब्ध कराने की आवश्यकता को देखते हुए अब 238 रेकों का निर्माण तीन रेलवे उत्पादन इकाइयों में एक साथ कर इस कार्यक्रम को गति देने का निर्णय लिया गया है:
इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF), चेन्नई
रेल कोच फैक्ट्री (RCF), कपूरथला
मॉडर्न कोच फैक्ट्री (MCF), रायबरेली
इस समानांतर निर्माण रणनीति से 238 एसी रेकों में से पहला रेक 2027 में ही उपलब्ध होने की उम्मीद है, जबकि पूरे बेड़े को 2030 तक प्राप्त करने का लक्ष्य है।
एमआरवीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री विलास एस. वाडेकर ने कहा, “संशोधित रणनीति का उद्देश्य एसी रेकों को शामिल करने की प्रक्रिया को नए कॉरिडोर, अतिरिक्त रेल लाइनों तथा अन्य क्षमता-वृद्धि कार्यों के चालू होने के साथ समन्वित करना है, ताकि मुंबई की उपनगरीय रेल सेवाओं में जल्द से जल्द व्यापक सुधार लाया जा सके। मुंबई लोकल केवल परिवहन का साधन नहीं है; यह मुंबई की जीवनरेखा और शहर के रोजमर्रा के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इसलिए त्वरित निर्माण रणनीति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एसी उपनगरीय यात्रा का लाभ मुंबईकरों तक काफी पहले पहुंच सके।”
नेटवर्क क्षमता के समानांतर विस्तार और 238 एसी रेकों को तेजी से शामिल करने की यह पहल, मुंबई की उपनगरीय रेल प्रणाली को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और अधिक क्षमता-संपन्न बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related posts

राजभवन में अथर्व फाउंडेशन द्वारा पूर्वोत्तर राज्यों के पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवार के लिए रुग्णवाहिका भेंट

hindustanprahari

अभिनेता रंजीत, पवन मल्होत्रा, एकता जैन, दिलीप वेंगसरकर जिजामाता उद्यान में फूल पौधों की प्रदर्शनी में हुए उपस्थित

hindustanprahari

एमआरवीसी का 27वां स्थापना दिवस: 37 कर्मचारियों को सम्मान, 238 एसी लोकल ट्रेनों की खरीद प्रक्रिया शुरू

hindustanprahari

Leave a Comment