
भारतीय रेलवे इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसई) के 1988 बैच के वरिष्ठ अधिकारी, श्री विवेक कुमार गुप्ता ने शुक्रवार, 11 जुलाई, 2025 को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक का कार्यभार संभाल लिया है। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक के रूप में अपनी नियुक्ति से पहले, वे राष्ट्रीय उच्च गति रेल निगम लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे, जिस संगठन को भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के क्रियान्वयन का दायित्व सौंपा गया है।
विवेक कुमार गुप्ता ने रेल मंत्रालय के रेलवे बोर्ड में प्रधान कार्यकारी निदेशक/गति-शक्ति के रूप में कार्य किया है, जहाँ वे सात (07) विभागों – सिविल (निर्माण, परियोजना निगरानी और स्टेशन विकास), विद्युत (आरई), सिग्नल एवं दूरसंचार, यातायात, वित्त, योजना और आर्थिक निदेशालयों – के एकीकृत कामकाज के लिए जिम्मेदार थे, जो पीएम गति-शक्ति पहल के तहत स्टेशन विकास सहित सभी प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की योजना और निष्पादन के लिए एक समेकित इकाई के रूप में कार्यरत थे।
विवेक कुमार गुप्ता ने पश्चिम और मध्य रेलवे में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), मुख्य ट्रैक इंजीनियर, मुख्य पुल इंजीनियर और मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) जैसे कई प्रतिष्ठित पदों पर कार्य किया है। इन भूमिकाओं में, उन्होंने नई लाइन निर्माण, आमान परिवर्तन, दोहरीकरण और मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं, ट्रैक निर्माण कार्यों, यातायात सुविधाओं और पुल रखरखाव सहित महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे के कार्यों की देखरेख की।
मुंबई रेलवे विकास निगम (एमआरवीसी) में मुख्य अभियंता के रूप में, विवेक कुमार गुप्ता ने लगभग ₹20,000 करोड़ के संचयी परियोजना मूल्य के साथ एमयूटीपी I, II और III परियोजनाओं के समन्वय और कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ₹34,000 करोड़ की एमयूटीपी 3ए परियोजना के प्रारंभिक कार्य का भी नेतृत्व किया। उनकी जिम्मेदारियों में विश्व बैंक, एआईआईबी, एमएमआरडीए, सिडको और महाराष्ट्र सरकार जैसी विभिन्न एजेंसियों के साथ योजना और कार्यान्वयन संबंधी मामलों में व्यापक समन्वय शामिल था।
मध्य रेलवे के भुसावल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (अप्रैल 2019 से अगस्त 2021) के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने सुरक्षा, विश्वसनीयता, बुनियादी ढांचे में सुधार, कर्मचारी कल्याण, ग्राहक संतुष्टि और व्यय नियंत्रण एवं राजस्व सृजन पर ध्यान केंद्रित करते हुए कुशल संचालन सुनिश्चित किया।
विवेक कुमार गुप्ता रेलवे संचालन, बुनियादी ढांचा प्रबंधन और परियोजना निष्पादन में व्यापक अनुभव रखते हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों दोनों के बीच उनका काफी सम्मान है और यह दृढ़ विश्वास है कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में, पश्चिम रेलवे नई ऊंचाइयों को छुएगा।

2 comments